बिलासपुर (रामपुर)। कोतवाली क्षेत्र में अलग-अलग हुए चार सड़क हादसों में पांच लोग घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नगरिया कलां के मजरा निवासी मन्नू सोमवार रात करीब आठ बजे बाइक से घर जा रहे थे। आनंद नगर के पास सामने से आ रहे वाहन की तेज लाइट की चकाचौंध में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंभे से टकरा गई। हादसे में वह घायल हो गए।
वहीं, जिला बरेली के कस्बा नवाबगंज निवासी आदिल हुसैन सोमवार रात करीब दस बजे बाइक से कहीं जा रहे थे। नैनीताल हाईवे पर अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
जिला बरेली के कस्बा बहेड़ी निवासी सतीश और राजीव मंगलवार सुबह करीब 10 बजे बाइक से रुद्रपुर जा रहे थे। नैनीताल हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से दोनों घायल हो गए।
उधर, माटखेड़ा रोड पर सोमवार देर रात एक डंपर ने गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर चालक घायल हो गया और ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने घायल चालक को सीएचसी भेज दिया और डंपर को चालक समेत कब्जे में ले लिया।
सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सतीश और राजीव को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. मणिक अग्रवाल ने बताया कि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। सीओ पीपी सिंह ने चारों घटनाओं के प्रति अनभिज्ञता जताई है। उन्होंने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद
