मिलक। शादी समारोह की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब बारात घर में दो पक्षों के बीच मारपीट के बाद एक व्यक्ति की हालत बिगड़ गई। परिजन उन्हें उपचार के लिए बरेली ले गए, जहां निजी अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


नगर के रौरा कला स्थित एक बारात घर में बीती रात शादी समारोह चल रहा था। नगर के मोहल्ला रौरा कला निवासी हरीश कुमार (51) भी परिवार के साथ शादी समारोह में दावत खाने पहुंचे थे। बताया जाता है कि इसी दौरान बारात घर में दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान हरीश की हालत बिगड़ गई।

परिजन उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें बरेली के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।

हरीश खेती-किसानी करते थे। उनके परिवार में पत्नी, दो अविवाहित बेटे और एक विवाहित बेटी हैं।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। कोतवाली प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Source link

अभी अभी की खबरें