झांसी। नगर निगम की ओर से 4.20 करोड़ रुपये से 13 वार्डों में सड़क, नाला, नाली का निर्माण कार्य कराया जाएगा। इसके अलावा डिवाइडर के नवीनीकरण से लेकर हरित पट्टी भी बनवाई जाएगी। इन कामों की निविदा निकाल दी गई है। अगले महीने से ये काम शुरू होने की संभावना है।
अग्रसेन चौक से इलाइट चौराहा तक नगर निगम डिवाइडर का नवीनीकरण कराएगा। इस पर 53.55 लाख रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा 38.83 लाख रुपये से कचहरी चौराहा से बस स्टैंड की दायीं ओर हरित पट्टी का निर्माण/ सुंदरीकरण का काम कराया जाएगा। वार्ड 21 में 50.85 लाख रुपये से पाल कॉलोनी में रेलवे क्रॉसिंग के पास पुलिया और आरसीसी नाले का निर्माण होगा। इसी तरह, 33.84 लाख से वार्ड 50 में भी आरसीसी नाला बनेगा। वहीं, वार्ड 9, 20, 23 28, 29, 32, 49 में पुलिया, नाली, सड़क का निर्माण कराया जाएगा। मुख्य अभियंता राजवीर सिंह ने बताया कि ई-टेंडर डालने की अंतिम तिथि 31 जुलाई को दोपहर तीन बजे तक है। उसके बाद निविदा खोलकर नियमानुसार कार्य शुरू कराए जाएंगे।
