मैनपुरी के थाना कुरावली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात अचानक गोवंश सामने आने के बाद होंडा सिटी कार मार्ग पर पलट गई। हादसे में क्रीड़ा अधिकारी के 23 वर्षीय रिश्तेदार युवक की मौत हो गई। कार में सवार महिला की एयरबैग खुलने की वजह से जान बच गईं। कुरावली पुलिस ने युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
घटना शुक्रवार देर रार करीब 11 बजे की है। कुरावली क्षेत्र में एनएच 34 पर चंडीगढ़ की ओर से आ रही होंडा सिटी कार अचानक गोवंश सामने आने की वजह से अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 23 वर्षीय पार्थ सिंह निवासी चंडीगढ़, जो कार चला रहे थे, गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार के एयरबैग खुल गए, जिस वजह से पार्थ की मां सरोज देवी को मामूली चोट लगी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने पार्थ को सीएचसी कुरावली में भर्ती कराया। उपचार के दौरान पार्थ ने दम तोड़ दिया। बता दें कि पार्थ की मां की बहन साधना सिंह क्रीड़ा अधिकारी मैनपुरी के पद पर तैनात हैं। पुलिस ने पार्थ का शव मोर्चरी में रखवाया है।
