अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम के तहत जनपद के 1040 छात्र-छात्राओं को स्कूल आवंटन हुआ है। कमियां मिलने पर 401 विद्यार्थियों के आवेदन निरस्त कर दिए गए हैं। जबकि, 281 को च्वाइस के मुताबिक स्कूल आवंटन नहीं हो पाया गया।
दुर्बल आय वर्ग के तीन से सात साल तक के बच्चों को गैर सहायतित मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों की पूर्व प्राथमिक और कक्षा एक में नि:शुल्क शिक्षा दी जाती है। इसके लिए एक दिसंबर से प्रक्रिया शुरू हो गई थी। 19 दिसंबर तक http://rte25.upsdc.gov.in वेबसाइट पर आवेदन करने का मौका दिया गया। फिर 20 से 23 दिसंबर तक दस्तावेजों का परीक्षण किया गया।
मंगलवार को सीडीओ जुनैद अहमद ने पहली लॉटरी निकाली। जिला समन्वयक अनुज कुमार मौजूद रहे। बताया गया कि आरटीई के तहत प्रवेश के लिए 1722 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया था। इनमें 401 आवेदन कमियां मिलने पर निरस्त कर दिए गए। बचे हुए 1321 आवेदनों में से एक या फिर चुनिंदा विद्यालयों की च्वाइस भरने वाले 281 विद्यार्थियों को स्कूल आवंटन नहीं हो सका है। अब ये दूसरे चरण में लॉटरी में भी शामिल हो सकेंगे। 1040 छात्र-छात्राओं का स्कूल आवंटन कर दिया गया।
1 से 19 जनवरी तक कर सकेंगे आवेदन –
अब दूसरे चरण के लिए एक से 19 जनवरी तक आवेदन कर सकेंगे। 20 से 23 जनवरी तक अभिलेखों का विभाग द्वारा सत्यापन किया जाएगा। 24 जनवरी को लॉटरी निकाली जाएगी।

24jjrp15- बेरी। कार्यक्रम को संबोधित करते इंद्रेश कुमार। स्त्रोत- आयोजक– फोटो : udhampur
