सहारनपुर में सर्किट हाउस में पुलिसवालों ने गलती से जज की जगह औवेसी को गार्ड-ऑफ-ऑनर दिया।
सहारनपुर में पुलिसवालों ने गलती से AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया।
.
दरअसल, सर्किट हाउस में शनिवार सुबह सुप्रीम कोर्ट के एक जज को पहुंचना था। उनके लिए ही गार्ड ऑफ ऑनर की तैयारी थी, लेकिन उनसे पहले ओवैसी वहां पहुंच गए।
पुलिसककर्मियों ने गफलत में उन्हें ही सलामी दे दी। हालांकि, जब पुलिस अफसरों को इसका पता चला तो वे डैमेज कंट्रोल में लग गए।
एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि इस मामले की जांच एसपी देहात मयंक पाठक को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
2 तस्वीरें देखिए…

ओवैसी अपने समर्थकों के साथ सर्किट हाउस पहुंचे। इस दौरान पुलिसकर्मी कंफ्यूज हो गए। वह उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देने लगे।

ओवैसी को भी जब गार्ड ऑफ ऑनर मिला तो कुछ देर के लिए वह चौंक गए। हालांकि, उन्होंने गार्ड ऑफ ऑनर लिया।
ओवैसी के सर्किट हाउस पहुंचते ही कंफ्यूज हुई पुलिस
गार्ड ऑफ ऑनर के लिए पुलिस की टीम सर्किट हाउस पहुंच गई थी। शनिवार 11 बजे जज का सर्किट हाउस आने का कार्यक्रम था, लेकिन जज नहीं पहुंचे। वहीं, औवेसी का सर्किट हाउस आने का कोई तय कार्यक्रम नहीं था। वह अचानक सर्किट हाउस पहुंच गए।
सूत्र बताते हैं कि पुलिस की जिस टीम को गार्ड ऑफ ऑनर के लिए भेजा था, वह कंफ्यूज हो गई। उसी टीम ने ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया।
पुलिसवालों की इस गलती पर अपनी राय दीजिए…
अब पढ़िए ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ क्या होता है?
यूपी के पूर्व डीजीपी सुलखान सिंह के मुताबिक, गार्ड ऑफ ऑनर में पुलिस या सशस्त्र बलों की एक टुकड़ी औपचारिक परेड करती है और सलामी देकर सम्मान जताती है।
यह तय प्रोटोकॉल, नियमों और संवैधानिक परंपराओं के अनुसार दिया जाता है। पुलिस की ओर से गार्ड की सलामी देना पूरी तरह विभागीय (डिपार्टमेंटल) प्रक्रिया है। विभाग के बाहर किसी व्यक्ति को गार्ड की सलामी केवल राजकीय कार्यक्रमों के अवसर पर ही दी जाती है।
सांसदों-विधायकों को नहीं मिलता गार्ड ऑफ ऑनर
आर्म्ड फोर्सेज के किसी अधिकारी या कर्मचारी की मृत्यु होने पर उनके पार्थिव शरीर को शोकशस्त्र की सलामी दी जाती है। स्टेट ऑनर घोषित होने पर अन्य महानुभावों के पार्थिव शरीर को भी सलामी दी जाती है। हालांकि, सांसदों और विधायकों को इस तरह की गार्ड सलामी नहीं दी जा सकती।
सहारनपुर मस्जिद ध्वस्तीकरण को लेकर एडीएम से मिले ओवैसी

ओवैसी ने कहा- लखनऊ जीतने के बाद, इंशाअल्लाह आपके दोनों भाई-बेटे हम दिल्ली से मोदी को भी हटाएंगे।
ओवैसी और नगीना सांसद चंद्रशेखर ने सहारनपुर मस्जिद ध्वस्तीकरण के मामले में एडीएम लवी त्रिपाठी से मुलाकात की। मस्जिद गिराए जाने के मामले में ज्ञापन देकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की।
5 सितंबर को हुई थी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई
दोनों नेताओं ने कहा कि मस्जिद से संबंधित विवाद न्यायालय में विचाराधीन था। इसके बावजूद 5 सितंबर, 2026 को प्रशासनिक अधिकारियों ने मस्जिद को ध्वस्त कर दिया। जिला जज की अदालत से स्थगन का कोई स्पष्ट आदेश पारित नहीं हुआ था। हाईकोर्ट में मामले पर विचार होने से पहले ही प्रशासन ने जल्दबाजी में कार्रवाई कर दी।

ओवैसी ने कहा- मुजफ्फरनगर दंगों के बाद हमने कैंप में लोगों को खाना खिलाया।
आजम के हैदराबादी बिरयानी वाले बयान पर पलटवार
ओवैसी ने कहा- मैं मुद्दा नहीं, मुद्दा उत्तर प्रदेश की जनता है। हमको खाने का कभी शौक नहीं रहा। हम भारत से बाहर रहकर अपनी लॉ और बैरिस्ट्री की डिग्री हासिल की। हमको बड़ी तकलीफें उठानी पड़ीं। अब बाज लोग जीते हैं सिर्फ खाने के लिए, हमको जो भी मिल जाए काफी है हमारे लिए।
हम मुजफ्फरनगर के कैंपों में लोगों को खाना खिलाने का इंतजाम कर रहे थे। उस वक्त सैफई में नंगा नाच चल रहा था। लोग जब अपने घरों में बैठे थे, हम अखलाक सैफी के घर जाकर मिले थे।
मुजफ्फरनगर कांड के वक्त सरकार किसकी थी? अखलाक सैफी की मौत पर हम उनकी बूढ़ी मां से जाकर मिले थे। आजम खान साहब को बेल हो गई, बहुत अच्छी बात है। वह 80 साल के हो चुके हैं, अल्लाह उनको सेहत दे, वह अपनी सेहत का ख्याल रखें।
———————-
यह खबर भी पढ़ें…
क्या कांग्रेस की जिद ‘अपनों’ का नुकसान कराएगी, तेजस्वी की तरह अखिलेश भी दिल्ली से बैरंग लौटे

17 नवंबर 2026 को यूपी चुनाव के लिए सीट बंटवारे पर सपा-कांग्रेस की लीडरशिप के बीच बैठक होनी थी। अखिलेश यादव एक दिन पहले यानी 16 नवंबर की सुबह ही दिल्ली पहुंच गए थे। अखिलेश को इस कमेटी से बात करनी थी, लेकिन वे लखनऊ लौट आए। पूरी खबर पढ़ें…
