चंदौसी (संभल)। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने रविवार को सीएम को संबोधित ज्ञापन माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी को सौंपा, जिसमें व्यापारियों को 10 लाख तक कैशलेस इलाज और 20 लाख का दुर्घटना बीमा देने की मांग की गई।

व्यापार मंडल ने ज्ञापन में कहा कि व्यापारियों और उनके परिवारों को 10 लाख रुपये तक की कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में उन्हें आर्थिक संकट का सामना न करना पड़े। मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना के तहत मिलने वाली 10 लाख रुपये की सहायता राशि बढ़ाकर 20 लाख रुपये करने की भी मांग की गई। इसके अलावा व्यापारिक प्रतिष्ठानों में आग लगने, प्राकृतिक आपदा या अन्य कारणों से दुकान नष्ट होने अथवा क्षतिग्रस्त होने पर पंजीकरण की अनिवार्यता समाप्त कर तत्काल सरकारी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई।

व्यापारियों ने विधान परिषद में स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की तर्ज पर व्यापारियों के प्रतिनिधियों को भी भेजने का अवसर देने की बात कही, ताकि सदन में उनकी समस्याओं और हितों को प्रभावी ढंग से उठाया जा सके। साथ ही पात्र व्यापारियों को प्राथमिकता के आधार पर शस्त्र लाइसेंस जारी करने की मांग भी की गई। इस दौरान जिला अध्यक्ष प्रेम ग्रोवर, युवा प्रदेश मंत्री शाह आलम मंसूरी, युवा जिला अध्यक्ष सागर गुप्ता, जिला महामंत्री प्रभात कृष्णा, वसीम अख्तर, प्रमोद अग्रवाल, चिंटू शर्मा, सुशील अग्रवाल आदि व्यापारी मौजूद रहे।



Source link