उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल: संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में होने वाली बहुजन स्वराज संकल्प महारैली को लेकर आजाद समाज पार्टी ने सम्भल में तैयारियां तेज कर दी हैं। महारैली में सम्भल से हजारों कार्यकर्ताओं को पहुंचाने की रणनीति तैयार की जा रही है। इसी सिलसिले में सम्भल जिला कार्यालय पर प्रदेश संगठन मंत्री एवं मुख्य मंडल प्रभारी पुष्पेंद्र कुमार राणा और मंडल प्रभारी विजय पुष्कर ने जिलाध्यक्ष शहजाद खान समेत पार्टी पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
जिलाध्यक्ष शहजाद खान ने बताया कि सम्भल से अभी तक करीब 35 बसों की व्यवस्था हो चुकी है, जिन्हें बढ़ाकर 50 तक किया जा सकता है। इसके अलावा 70 छोटे वाहन तैयार हैं, जिनकी संख्या 100 तक पहुंचने की संभावना है। कार्यकर्ता ट्रेनों और निजी वाहनों से भी लखनऊ पहुंचेंगे। मुख्य मंडल प्रभारी पुष्पेंद्र कुमार राणा ने दावा किया कि महारैली में भारी भीड़ जुटेगी और रमाबाई मैदान भरने के साथ सड़कों पर भी समर्थकों की मौजूदगी रहेगी। उन्होंने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के गठबंधन को दलित, मुस्लिम और ओबीसी वर्ग की एकजुटता का प्रतीक बताया और 2027 में सत्ता परिवर्तन का दावा किया। वहीं मंडल प्रभारी विजय पुष्कर ने सम्भल से करीब 5 हजार लोगों के लखनऊ पहुंचने की संभावना जताई। बैठक में संभावित प्रत्याशी और जिले के तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे।
