उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अमर उजाला संवाद का मंच सज चुका है। राजधानी के होटल द सेंट्रम में ‘अमर उजाला संवाद उत्तर प्रदेश 2026’ का आयोजन हो रहा है। जिसमें यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हिस्सा लिया। सीएम योगी ने संवाद कार्यक्रम को लेकर अमर उजाला को बधाई दी।
इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि जब हमने शासन की बागडोर संभाली उस समय हमारे सामने चुनौतियां थीं। मैं यूपी की समस्या को जानता था। मैं जानता था यूपी में हर दूसरे दिन दंगे होते थे। मैं जानता था यहां पर हर जिले में सत्ता का समांतर एक माफिया सत्ता संचालित होती है, उसी के इशारे पर वहां का पूरा सिस्टम कार्य करता है।
‘प्रदेश में सुरक्षित नहीं थीं बेटियां’
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘मैं जानता था कि यहां पर हर व्यक्ति, चाहे वो शिक्षक हो, डॉक्टर हो, व्यापारी हो या समाज से जुड़ा कोई भी सज्जन प्रवृत्ति का व्यक्ति स्थानीय गुंडों को गुंडा टैक्स देने के लिए मजबूर था। मैं ये भी जानता था कि इस प्रदेश में बेटी सुरक्षित नहीं है, क्योंकि पश्चिमी यूपी में तो हर उस परिवार ने जिसके परिवार में कोई बेटी होती थी, वह 10 बार सोचता था। प्रदेश के बाहर या तो छात्रावास में या फिर किसी रिश्तेदारी में पढ़ाने के लिए भेजता था।’
‘अब बेटी से छेड़खानी नहीं कर सकता कोई’
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘अब कोई राह चलते हुए बेटी से छेड़खानी नहीं कर सकता। जबरन उठाने का दुस्साहस नहीं कर सकता। उसे पता है कि जबरन उठाएगा, तो जो दुर्गति रावण और दुर्योधन की हुई थी, यह तय है कि वही दुगर्ति उसकी भी होगी।’
