शामली। आगामी विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही शामली सीट पर समाजवादी पार्टी के टिकट को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। पार्टी से टिकट पाने के लिए चार प्रमुख दावेदारों ने पूरी ताकत झोंक दी है, जिनमें तीन जाट और एक वैश्य समाज से है।
जाट समाज से पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष दीपा पवार, ग्राम प्रधान सुरेश कुमार और भाजपा छोड़कर सपा में आए हरवीर मलिक दौड़ में हैं। वहीं वैश्य समाज से अखिल राजेश्वर बंसल भी अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। चारों नेता अपने राजनीतिक अनुभव, जनसंपर्क और सामाजिक समीकरणों के सहारे हाईकमान तक पैरवी कर रहे हैं।
शामली सीट पर जाट और मुस्लिम मतदाता निर्णायक माने जाते हैं, वहीं वैश्य, गुर्जर और दलित वोट भी नतीजों को प्रभावित करते हैं। ऐसे में पार्टी के सामने सामाजिक संतुलन साधने के साथ-साथ संगठन में सक्रियता और जीतने की क्षमता को परखने की बड़ी चुनौती होगी। माना जा रहा है कि दिसंबर के पहले सप्ताह में प्रत्याशी के नाम पर मुहर लग सकती है।
-तीन चुनावों का लेखा-जोखा
वर्ष 2012 में शामली सीट पर कांग्रेस के पंकज कुमार मलिक (53,947) ने सपा के वीरेंद्र सिंह (50,206) को 3,741 वोटों से हराया था। 2017 के सपा-कांग्रेस गठबंधन में यह सीट कांग्रेस के खाते में गई, जहां भाजपा के तेजेंद्र निर्वाल (70,085) ने पंकज मलिक (40,365) को मात दी। वहीं, 2022 में सपा-रालोद गठबंधन के प्रत्याशी प्रसन्न चौधरी (1,03,070) ने तेजेंद्र निर्वाल (95,963) को 7,107 मतों से हराकर जीत दर्ज की थी।
इन्होंने कहा
पार्टी में कई वरिष्ठ और सक्रिय नेता चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं, जो संगठन की मजबूती को दर्शाता है। सभी दावेदारों के आवेदन और जमीनी फीडबैक की समीक्षा की जा रही है। राष्ट्रीय नेतृत्व सामाजिक समीकरणों, निष्ठा और जीतने की क्षमता के आधार पर ही योग्य प्रत्याशी के नाम पर अंतिम मुहर लगाएगा।
— सुरेंद्र सिंह ताना, जिलाध्यक्ष, सपा (शामली)
