श्रावस्ती/तुलसीपुर। यातायात माह में पुलिस जगह-जगह चौपाल लगाकर लोगों को जागरूक कर रही है। चेकिंग अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई का दावा भी किया जा रहा है। इसके बावजूद जिले की सड़कों पर नियमों की खुलेआम अनदेखी हो रही है। मालवाहक वाहनों में सामान के साथ सवारियां ढोई जा रही हैं, वहीं ई रिक्शों के पीछे सामान रखने की जगह पर बच्चों को बैठाया जा रहा है। इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
——-
अंदर घोड़े, ऊपर बैठे दिखे छह लोग
भिनगा-बहराइच फोरलेन पर बृहस्पतिवार को दीवानी न्यायालय के सामने लापरवाही का नजारा दिखा। एक पिकअप के अंदर घोड़े लदे थे, जबकि ऊपर पटरा रखकर छह से अधिक लोग बैठे थे। हैरानी की बात यह रही कि न्यायालय के बाहर पुलिसकर्मी मौजूद थे, लेकिन किसी ने उन्हें रोकने की जहमत नहीं उठाई।
…………
अंदर सामान, ऊपर बैठे रहे लोग
जमुनहा-बहराइच मार्ग पर हरदत्तनगर गिरंट थाना क्षेत्र में भेसरी पुल से गुजर रहे पिकअप में कैटरिंग का सामान भरा था। इसके ऊपर लोग बैठे थे। तेज गति से गुजर रहे वाहन में सवार लोगों की जान जोखिम में थी। ऐसे में कभी भी हादसा हो सकता था।
………….
ई रिक्शे के पीछे बैठे बच्चे और युवक
भिनगा-बहराइच फोरलेन पर भंगहा के पास ई रिक्शे में आठ लोग बैठे नजर आए। वहीं, पीछे सामान रखने की जगह पर दो बच्चियां और एक युवक बैठे थे। चालक बेखौफ होकर ई रिक्शा दौड़ाता रहा। यह लापरवाही बच्चों के लिए जानलेवा साबित हो सकती है।
———
लगातार जागरूकता अभियान चलाने के साथ नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जा रही है। मालवाहक वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-मोहम्मद शमीम, यातायात प्रभारी
