सिद्धार्थनगर। मंडल स्तरीय सब जूनियर बालक-बालिका जूडो प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर जिले के 11 खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई किया है। चयनित खिलाड़ियों का बृहस्पतिवार को जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में स्वागत कर उत्साहवर्धन किया गया।
जूडो कोच सौरभ पाल ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता एक से तीन दिसंबर तक कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित होगी। इसमें जिले से सोनाली, अंकिता, निधि यादव, अंश अग्रहेरी, मनीष राज, दिवाकर, दिव्यांग सिंह जाटव, ओम तिवारी, आशीष, दिव्यांश और अभय शुक्ला अपने-अपने भार वर्ग में प्रतिभाग करेंगे। सभी खिलाड़ियों का चयन मंडल स्तर पर उनके प्रदर्शन के आधार पर हुआ है।
स्टेडियम में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में जिला क्रीड़ा अधिकारी चंदन सिंह, जूडो कोच सौरभ पाल, कमलेश प्रताप चौधरी, लाइफ सेवर सत्यप्रकाश त्रिपाठी और खेलो इंडिया की कोच सुमन सिंह ने खिलाड़ियों को बधाई दी।
उन्होंने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी पूरे आत्मविश्वास और मेहनत के साथ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
