– दो गोरखपुर और एक नेपाली नागरिक शामिल, बाइक, स्कूटर और नौ मोबाइल फोन बरामद

खुनुवां। भारत से ब्राउन हेरोइन लाकर नेपाल के शहरी क्षेत्रों में आपूर्ति और बिक्री करने के आरोप में तीन लोगों को नेपाल के रुपन्देही जिले में गिरफ्तार किया गया है। लागूऔषध नियंत्रण ब्यूरो की टीम ने मंगलवार को भैरहवा के सिद्धार्थनगर नगरपालिका-3 में कार्रवाई कर आरोपियों के कब्जे से 155 ग्राम 740 मिलीग्राम ब्राउन हेरोइन बरामद की। गिरफ्तार आरोपियों में दो भारतीय और एक नेपाली नागरिक शामिल हैं।

लागूऔषध नियंत्रण ब्यूरो के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों की पहचान गोरखपुर निवासी मनीष सिंह (35) और तनवीर मुसलमान (34न्के साथ तथा नेपाल के कपिलवस्तु जिले की मायादेवी गांवपालिका-6 निवासी सफिक मुसलमान (29) के रूप में हुई है।

ब्यूरो के सूचना अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक दुर्गाराज रेग्मी ने बताया कि भैरहवा शाखा कार्यालय की टीम को सूचना मिली थी कि भारत से ब्राउन हेरोइन लाकर लुंबिनी प्रदेश के विभिन्न शहरी क्षेत्रों में बिक्री करने वाला गिरोह सक्रिय है। इसके बाद टीम ने निगरानी शुरू की और सूचना के आधार पर सिद्धार्थनगर नगरपालिका-3 में कार्रवाई कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 155 ग्राम 740 मिलीग्राम ब्राउन हेरोइन बरामद हुई।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल, एक स्कूटर और नौ मोबाइल फोन भी बरामद किए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी भारत से मादक पदार्थ लाकर नेपाल के विभिन्न शहरी क्षेत्रों में इसकी आपूर्ति और बिक्री करते थे। पुलिस मोबाइल फोन और वाहनों के आधार पर गिरोह के नेटवर्क तथा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

ब्यूरो ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों को आवश्यक अनुसंधान और कानूनी कार्रवाई के लिए जिला पुलिस कार्यालय रुपन्देही को सौंप दिया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। जांच के दौरान मादक पदार्थ की आपूर्ति के स्रोत और नेपाल में इसके वितरण नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जाएगा।



Source link