सिद्धार्थनगर। आपातकालीन परिस्थितियों और संभावित हवाई हमले से निपटने की तैयारियों को परखा गया। इसके लिए रविवार शाम माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज परिसर में ब्लैकआउट और एयर रेड मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।
इस दौरान सायरन बजाने, बिजली आपूर्ति बंद करने, रेड अलर्ट जारी करने, सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने, आग बुझाने और राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया। विभिन्न विभागों की टीमों ने आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का प्रदर्शन किया।
मॉक ड्रिल के तहत शाम छह बजे सायरन बजते ही निर्धारित क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद कर ब्लैकआउट किया गया। शाम 6:05 बजे रेड अलर्ट जारी करते हुए दो मिनट तक चेतावनी सायरन बजाया गया।
इस दौरान आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और ड्रोन से उत्पन्न काल्पनिक खतरे से निपटने का अभ्यास किया गया। शाम 6:10 बजे ग्रीन सिग्नल के माध्यम से ऑल क्लियर घोषित किया गया।
