सिधौली। कस्बे में रेलवे स्टेशन के सामने बृहस्पतिवार सुबह कार की चपेट में आकर रेलवे विभाग के ट्रॉलीमैन की मौत हो गई। कस्बे के मोहल्ला नरोत्तम नगर निवासी प्रेमसागर उर्फ पिंटू (32) रेलवे में ट्रॉलीमैन थे। वह सुबह ड्यूटी पर जाने के लिए घर से निकले थे। रेलवे स्टेशन के सामने वह नेशनल हाईवे पार कर रहे थे। इसी बीच लखनऊ की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार हाईवे किनारे रखे पत्थर से टकरा गई। इसके बाद अनियंत्रित कार पिंटू को रौंदते हुए निकल गई। हादसे में मौके पर ही उनकी मौत हो गई। कार में महिला और बच्चों समेत एक परिवार के अन्य सदस्य सवार थे। हादसे में वह भी चोटिल हो गए। सीओ वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
काफी समय से सड़क किनारे रखा है पत्थर
स्थानीय लोगों के अनुसार जिस पत्थर से टकराकर कार अनियंत्रित हुई, वह करीब दो साल से सड़क किनारे सर्विस लेन पर रखा है। दो साल पहले नाला निर्माण के दौरान ईंटों से जुड़ा यह भारी पत्थर क्रेन से उठाकर सड़क किनारे सर्विसलेन के बीच बेतरतीब तरीके से रखा गया था। पत्थर का एक कोना सड़क की ओर निकला हुआ है। लोगों के अनुसार कार इसी कोने से टकराकर अनियंत्रित हुई। मौके पर कार के टकराने के निशान भी पाए गए हैं। घटना के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
