On Constitution Day, the foundation stone was laid for the development of 80 Dr. B.R. Ambedkar sites.

फोटो 27: किलकिली में भूमि पूजन करतीं राज्यमंत्री रजनी तिवारी। संवाद

हरदोई। संविधान दिवस पर बृहस्पतिवार को जिले के 80 डॉ. बीआर आंबेडकर स्थलों के विकास के लिए भूमि पूजन हुआ। जनप्रतिनिधियों ने तय स्थलों पर विधि-विधान से कार्यों का शिलान्यास किया। वहीं मुख्य कार्यक्रम लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में हुआ।


समाज कल्याण विभाग के माध्यम से संचालित डॉ. बीआर आंबेडकर मूर्ति विकास योजना में चयनित स्थलों पर नवीनीकरण व सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। विभाग ने योजना भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों, आदर्शों और सामाजिक न्याय के प्रति योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से दी है।‎ विधानसभा क्षेत्र सदर के बावन ब्लॉक की ग्राम पंचायत मानपुर में आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल, शाहाबाद की ग्राम पंचायत किलकिली उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने विधि-विधान से भूमि पूजन किया।

वहीं विधानसभा क्षेत्र सांडी के अहिरोरी ब्लॉक की ग्राम पंचायत करीमनगर जलालपुर में विधायक प्रभाष कुमार, संडीला के भरावन ब्लॉक की ग्राम पंचायत जाजूपुर में अल्का सिंह अर्कवंशी, बालामऊ के कोथावां ब्लॉक की ग्राम पंचायत पिपरी में विधायक रामपाल वर्मा, बिलग्राम-मल्लावां के माधौगंज ब्लॉक की ग्राम पंचायत रुइया में विधायक आशीष कुमार सिंह आशू, गोपामऊ के टड़ियावां ब्लॉक की ग्राम पंचायत रावल और सवायजपुर के हरपालपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत सतौथा में विधायक की तरफ से नामित प्रतिनिधियों ने भूमि पूजन किया।

जिला समाज कल्याण अधिकारी अवनीश कुमार यादव ने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से 10-10 स्थल चयनित किए गए हैं। एक स्थल के विकास पर औसतन 10.00 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। काम कराने की जिम्मेदारी ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को सौंपी गई है।



Source link

अभी अभी की खबरें