भरथना। सूबेदारगंज से कटड़ा जा रही जम्मू मेल के पहिए में शुक्रवार दोपहर अचानक आग लगने की सूचना से रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन फानन में ट्रेन को भरथना रेलवे स्टेशन पर रोका गया। जैसे ही यात्रियों को यह जानकारी हुई कि बोगी के पहिए में आग लगी हुई है तो यात्रियों में भी खलबली मच गई और यात्री बोगी से निकलकर प्लेटफार्म पर जा खड़े हुए। मौके पर पहुंची रेलवे की टीम ने आग को बुझाया और पहिए का ठंडा कर पौन घंटे बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। पहिए में आग ब्रेक बाइंडिग की वजह से लगी थी।

शुक्रवार को दोपहर अप लाइन पर दौड़ती जा रही जम्मू मेल जब साम्हो रेलवे स्टेशन से गुजर रही थी तभी ट्रेक की पेट्रोलिंग कर रहे कीमैन ने ट्रेन की एक बोगी के पहिए से आग की लपटें उठती देखीं। यह देख कीमैन ने तुरंत ही इसकी जानकारी कंट्रोल को दी। सूचना पर आनन फानन में ट्रेन को भरथना रेलवे स्टेशन पर तीन बजकर 52 मिनट पर रोक दिया गया। ट्रेन के रुकते ही स्टेशन अधीक्षक मनोज कुमार रेलवे कर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए। मौके पर पाया गया कि ट्रेन के इंजन से छठवीं बोगी एम वन कोच के ब्रेक शू से आग और धुआं उठ रहा है। टीम ने तुरंत ही अग्निशमन यंत्र से आग बुझाना शुरू कर दिया। पहिए में आग की सूचना से यात्री भी अपना सामान लेकर ट्रेन से नीचे उतर आए। आग को बुझाने में तीन फायर सिलिंडर का व धुआं को लोको पायलट आदि रेल सुरक्षाकर्मियों की देखरेख में अग्निशमन यंत्र से बुझाया और ठंडा किया गया। आग बुझाने में तीन फायर सिलिंडर प्रयोग हो गए, आग बुझने के बाद पहिए का ठंडा किया गया। इसके बाद ट्रेन को आधा घंटे बाद चार बजकर 23 मिनट पर आगे बढ़ाया गया लेकिन कुछ कमी पाए जाने पर ट्रेन को फिर रोककर उसे दुरुस्त कर चार बजकर 37 मिनट पर रवाना किया गया। इस दौरान अप मैन लाइन पर जम्मू मेल के खड़े होने के कारण पीछे से आ रही मुरी एक्सप्रेस व महानन्दा एक्सप्रेस समेत तीन ट्रेनों को लूप लाइन से निकाला गया।

ट्रेन के सुपरवाइजर इमरानुद्दीन ने बताया कि ब्रेक बाइंडिंग के कारण पहिए से आग निकली थी। आग बुझाने और जांच के बाद ट्रेन को सुरक्षित गंतव्य के लिए रवाना कर किया गया। वहीं मामले पर उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के जन संपर्क अधिकारी ने अमित कुमार ने बताया कि कीमैन आकिब खान की सूचना पर ट्रेन को भरथना स्टेशन पर रोका गया था। ट्रेन के पहिए में ब्रेक बाइंडिंग से धुआं उठ रहा था, जिसे ठीक कर ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।

इस घटना के बाद भरथना स्टेशन से रवाना हुई ट्रेन को एक बार फिर से शाम पांच बजकर तीन मिनट पर इटावा स्टेशन पर रोका गया। यहां पर पहले से प्लेटफार्म पर मौजूद इंजीनियरिंग टीम ने पहिए की जांच की। जांच में सब कुछ ठीक पाए जाने पर पांच बजकर 25 मिनट पर ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया। इसके चलते ट्रेन इटावा स्टेशन पर भी 20 मिनट तक खड़ी रही।

इलाहाबाद से अंबाला कैंट तक की यात्रा के लिए जम्मू मेल में सवार यात्री दीपक यादव ने बताया कि चलती ट्रेन के पहियों में आग लगने के कारण ट्रेन को रोका गया था। आग की खबर से वह सब आनन फानन में ट्रेन से उतरकर प्लेटफार्म पर जा खडे़ हुए।

गोविंदपुरी कानपुर से दिल्ली जा रहे अमित कुमार ने बताया कि वह परिवार सहित ट्रेन में यात्रा कर रहे थे। पहियों में आग लगने की बात से कोच में अफरा तफरी मच गई वह भी परिवार सहित ट्रेन से नीचे उतर आए।

इटावा स्टेशन पर ट्रेन रुकने पर सूबेदारगंज से टूंडला जा रहे यात्री सुधीर रंजन ने बताया कि वह एम वन कोच में सवार थे आग की खबर से कोच में शोर शराबा होने लगा। आग की बात सुन वह अपने दोस्तों के साथ आनन फानन में ट्रेन से उतरकर दुर जा खड़े हुए।

जम्मू मेल में फतेहपुर से दिल्ली की यात्रा कर रहे यात्री प्रेम कुमार ने इटावा पहुंचने पर बताया कि आग की खबर से एम वन कोच पूरी तरह से खाली हो गया था, यात्री सहम गए और आधा घंटे तक ट्रेन के बाहर प्लेटफार्म पर खड़े रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *