Power supply restored despite a shutdown; daily-wage electrical worker dies from electric shock

 अखंडनगर सीएचसी के बाहर बैठी महिलाएं। स्रोत-ग्रामीण

अखंडनगर। मिसिरपुर जलालपुर गांव में बृहस्पतिवार दोपहर ट्रांसफार्मर पर चढ़कर बिजली का फॉल्ट ठीक कर रहे दिहाड़ी विद्युतकर्मी की करंट लगने से मौत हो गई। आरोप है कि पावर हाउस से शटडाउन लेने के बावजूद अचानक बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई। हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है।


दहलवा पौधनरामपुर निवासी दुर्गा प्रसाद (38) अलीपुर विद्युत उपकेंद्र पर करीब पांच वर्षों से दिहाड़ी लाइनमैन के रूप में काम कर रहे थे। परिजनों के मुताबिक, बृहस्पतिवार दोपहर करीब दो बजे वह उपकेंद्र से शटडाउन लेकर मिसिरपुर जलालपुर गांव में ट्रांसफार्मर पर चढ़कर तारों का फॉल्ट ठीक कर रहे थे। इसी दौरान अचानक बिजली आपूर्ति शुरू हो गई। करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखंडनगर ले गई, जहां चिकित्सक डॉ. सुधीर बरनवाल ने मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र वर्मा ने बताया कि तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, जेई दीनदयाल यादव ने बताया कि विभागीय लाइनमैन ने मोबाइल टावर की लाइन ठीक करने के लिए शटडाउन लिया था। उसी दौरान दुर्गा प्रसाद भी काम कर रहे थे। उन्होंने अलग से इसकी जानकारी नहीं दी थी।

तीन बेटों के सिर से उठा पिता का साया

दुर्गा प्रसाद की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उनके परिवार में पत्नी प्रियंका और तीन बेटे प्रिंस (17), अंकुश (16) व मनीष (14) हैं। परिवार के भरण-पोषण की पूरी जिम्मेदारी दुर्गा प्रसाद पर थी। उनकी मौत से पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।



Source link