एट। चोरों ने कस्बे के सुभाष नगर मोहल्ले में दो मकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पार कर दी। घटना की जानकारी होने पर पीड़ित परिवारों में खलबली मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

थाना क्षेत्र के चमारी गांव निवासी रिहाना मंसूरी और उनके देवर इरफान की पत्नी रुबीना ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वर्ष 2020 से दोनों परिवार एट कस्बे के वार्ड नंबर 11 सुभाष नगर में अपने-अपने मकान बनाकर रह रहे हैं। रविवार रात तेज आंधी और बिजली गुल होने के कारण दोनों परिवार मकानों की छत पर सोने चले गए थे।

देर रात हल्की बारिश शुरू होने पर जब परिवार के लोग नीचे कमरों में पहुंचे तो मुख्य कमरों के ताले टूटे मिले। अंदर जाकर देखा तो अलमारियों और बक्सों का सामान बिखरा पड़ा था। यह देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल घर में रखे सामान की जांच की तो चोरी की घटना का पता चला।

पीड़िता रिहाना के अनुसार उनके घर से मंगलसूत्र, टॉकस, हार, पायल, बिछिया समेत सोने-चांदी के जेवरात और 98 हजार रुपये नकद चोरी हो गए। वहीं रुबीना के घर से भी सोने-चांदी के जेवरात और 20 हजार रुपये नकद गायब मिले। पीड़ित परिवारों ने चोरी गए जेवरात और नकदी की कुल कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई है।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। एक ही रात में दो मकानों में हुई चोरी की वारदात से मोहल्ले के लोगों में दहशत का माहौल है। थानाध्यक्ष शिवशंकर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और संदिग्धों की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *