झांसी। सीपरी बाजार पुलिस ने महेंद्रपुरी कॉलोनी में संचालित ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 8.05 करोड़ रुपये के क्वाइन बरामद हुए हैं। दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि गिरोह के सरगना की तलाश जारी है।

सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम के अनुसार, बुधवार देर रात मिली सूचना पर थाना प्रभारी जेपी चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापा मारा। मकान के भीतर विभिन्न वेबसाइटों के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा था। तलाशी में मोबाइल फोन से चार अलग-अलग आईडी मिलीं, जिनमें कुल 8.05 करोड़ के क्वाइन पाए गए।

मौके से महेंद्रपुरी कॉलोनी निवासी अंशुमान सिंह और अभिषेक पाठक को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि गिरोह का सरगना पठौरिया निवासी रवि कुशवाहा है, जो एजेंट और सुपर एजेंट आईडी उपलब्ध कराता था।

पुलिस ने आरोपियों के नौ बैंक खातों की जांच कर 1.80 लाख रुपये की राशि फ्रीज कराई है और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कार्रवाई में ग्वालियर रोड चौकी प्रभारी दिलीप पांडेय, अनुराग शर्मा, सचिन मिश्रा, वंदना और कर्मवीर सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *