= अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी खेल मैदान में आयोजित हुआ क्रिकेट टूर्नामेंट
संवाद न्यूज एजेंसी
गंजमुरादाबाद। ग्राम लहरापुर स्थित अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी खेल मैदान में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट में लहरापुर ने जीत दर्ज की। फाइनल में कन्नौज को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया। विधायक श्रीकांत कटियार ने टूर्नामेंट का शुभारंभ किया।
मैदान में अनोखा क्रिकेट टूर्नामेंट खेला गया। हर मैच मात्र एक ओवर का ही खेला गया जिसमें दो बल्लेबाज ही रखे गए। इसमें पहली टीम से दूसरी टीम को एक अधिक छक्का लगाने का नियम रखा गया। टूर्नामेंट में मल्लावां, लहरापुर, बांगरमऊ, कन्नौज, सौरिख, शाहपुर, गंजमुरादाबाद और माधौगंज की टीमों ने भाग लिया।
फाइनल मैच लहरापुर व कन्नौज के बीच खेला गया। लहरापुर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी की। कन्नौज की टीम ने निर्धारित एक ओवर में दो छक्के जड़े। लहरापुर की टीम ने एक गेंद शेष रहते हुए तीन छक्के लगाकर फाइनल जीत लिया। आयोजक गुरु सहाय राजपूत ने विजेता लहरापुर की टीम के कप्तान पंकज यादव को 11 हजार का पुरस्कार और ट्रॉफी प्रदान की। उपविजेता कन्नौज टीम के कप्तान ऋतिक कुमार को 5000 रुपये का पुरस्कार दिया गया। शैलेंद्र राजपूत, हिमांशु, अजय पाल मौजूद रहे।
