राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के तहत पुलिस महकमे में तबादलों का सिलसिला तेज हो गया है। पुलिस मुख्यालय ने 183 इंस्पेक्टरों के स्थानांतरण किए हैं। इनमें लखनऊ कमिश्नरेट से 56 इंस्पेक्टरों को बाहर भेजा गया है, जबकि कानपुर कमिश्नरेट से 14 इंस्पेक्टर लखनऊ आए हैं। कानपुर से तीन अन्य इंस्पेक्टरों को लखनऊ जोन में तैनाती दी गई है।
लखनऊ कमिश्नरेट से स्थानांतरित इंस्पेक्टरों में ज्यादातर को वाराणसी, कानपुर, प्रयागराज, गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद कमिश्नरेट भेजा गया है। नागेश उपाध्याय, भानु प्रताप सिंह और सुनील कुमार आजाद को लखनऊ जोन में भेजा गया है। वहीं विक्रम सिंह को सतर्कता, अरविंद कुमार को सीआइडी और अनवार अहमद को आर्थिक अपराध शाखा में तैनाती मिली है।
किसे कहां भेजा?
कानपुर कमिश्नरेट से लखनऊ आने वाले इंस्पेक्टरों में रवींद्र श्रीवास्तव, शैलेंद्र प्रताप सिंह, दीनानाथ मिश्रा, अभिमान सिंह, अशोक कुमार दुबे, आनंद कुमार पांडेय और सभाजीत मिश्र समेत 14 नाम शामिल हैं। इकबाल हैदर, ब्रजेश कुमार और कमर सुल्ताना को लखनऊ जोन में भेजा गया है।
