मौजूद लोगों ने कार चालक को पीटा

संवाद न्यूज एजेंसी

उन्नाव। कचहरी पुल पर झाड़ू लगा रहे सफाई कर्मी को तेज रफ्तार कार सवार ने टक्कर मार दी। इससे वह पुल से 20 फीट नीचे गिरकर गंभीर घायल हो गया। मौजूद लोगों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, डॉक्टर ने कानपुर रेफर किया है। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने कार चालक को जमकर पीटा। पुलिस ने उसका भी डाक्टरी परीक्षण कराया है।

सदर कोतवाली क्षेत्र के छोटा चौराहा निवासी धीरज कुमार (20) पुत्र महेश नगर पालिका में ठेकेदारी प्रथा में सफाई कर्मचारी है। रविवार रात करीब 11:15 बजे वह कचहरी पुल पर झाड़ू लगा रहा था। तभी तेज रफ्तार नशे में धुत कार सवार रामपुरी मोहल्ला निवासी अभिषेक कुमार (36) ने धीरज को टक्कर मार दी। इससे धीरज 20 फीट पुल से नीचे गिरकर गंभीर घायल हो गया। अन्य साथियों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि भानु मिश्रा अस्पताल पहुंचे, हालत गंभीर होने पर उसे रेफर किया गया है। पिटाई से घायल कार चालक का पुलिस ने डॉक्टरी परीक्षा कराया है। वह नशे की हालत में मिला।

कोतवाल चंद्रकांत मिश्रा ने बताया कि चालक हिरासत में है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।



Source link