मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के खंदारी प्रशिक्षण केंद्र में अव्यवस्था का बोलबाला है। अगले महीने यहां प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग शुरू होनी है। आरोप लगाया गया है कि विभाग ने अब तक केंद्र की व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने के लिए कोई कदम नहीं उठाया है।

केंद्र का हाल यह है कि लेक्चर रूम की दीवारों से प्लास्टर उखड़ गया है। गेट से लेकर पूरे परिसर में गंदगी फैली हुई है। शौचालय की स्थिति भी बेहद खराब है और वहां गंदगी है। कुछ लेक्चर रूम में कबाड़ फर्नीचर पड़ा है। दीवारों पर धूल जमी हुई है। पंखों और छतों पर मकड़ी के जाले लगे हैं। आवेदन करने आने वाले छात्र केंद्र का यह माहौल देखकर असहज महसूस कर रहे हैं।

अब तक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 90 छात्रों के आवेदन आ चुके हैं। पिछले वर्ष भी 120 ने इस केंद्र से लगातार प्रशिक्षण लिया था। उनमें से चार ने पीसीएस की प्रारंभिक परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की थी। दर्जनों छात्रों ने पीईटी व अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में भी सफलता हासिल की है। समाज कल्याण अधिकारी नागेंद्र पाल ने बताया कि सफाईकर्मी उपलब्ध कराने के लिए डीपीआरओ को पत्र लिखा गया है। जो भी मरम्मत का कार्य है, उसे कक्षाएं शुरू होने से पहले दुरुस्त कराया जाएगा।

प्रतियोगी परीक्षाओं की होगी तैयारी

इस केंद्र पर आर्थिक रूप से कमजोर और मेधावी छात्रों को यूपीएससी, पीसीएस, नीट, जेईई, एनडीए और सीडीएस व अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क तैयारी कराई जाती है। इसके साथ उन्हें ई-लर्निंग सामग्री के साथ वरिष्ठ अधिकारियों और विषय विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में लेक्चर मिलते हैं।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *