आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में भी जल्द ही एम्स जैसी चिकित्सकीय सुविधाएं मिलेंगी। इसके लिए तीन रोबोट की खरीद की जा रही है। एक रोबोट शासन उपलब्ध कराएगा और दो मेडिकल कॉलेज के स्तर से खरीदे जाएंगे। इसके लिए शासन को प्रस्ताव भेज दिया गया है। ये रोबोट जर्मनी और अमेरिका निर्मित होंगे। इसके लिए प्रजेंटेशन भी हो गया है। 2027 में रोबोट मिलने की उम्मीद है।
इंटीग्रेटेड प्लान के तहत एसएन में 1200 करोड़ रुपये से एम्स जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। एक रोबोट की कीमत करीब 25 करोड़ रुपये है। रोबोट की खरीद के लिए शासन ने टास्क फोर्स भी बना दी है। अमेरिका-जर्मनी की कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ लखनऊ में प्रजेंटेशन भी हो गया है। शासन से एक रोबोट मिलने के बाद मेडिकल कॉलेज दो और की खरीद करेगा।
प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि शासन स्तर से एसएन समेत छह मेडिकल कॉलेजों को एक-एक रोबोट दिया जाएगा। 25 करोड़ रुपये की लागत वाले रोबोट अमेरिका-जर्मनी निर्मित होंगे। इससे हड्डी रोग, पेट रोग, बाल रोग, ईएनटी रोग के जटिल ऑपरेशन हो सकेंगे। रोबोट के संचालन के लिए सर्जंस को एम्स में प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।
