पश्चिमी उत्तर प्रदेश के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को वैश्विक पहचान दिलाने और व्यापारिक संभावनाओं को पंख लगाने के लिए 14 से 16 जून तक यूपी फूड एक्सपो एंड कॉन्क्लेव का आयोजन जेपी होटल में होगा। इसमें पांच राज्यों से 15 हजार आगंतुक आएंगे। बुधवार को संजय प्लेस में फूड एक्सपो की घोषणा की गई।

चेंबर ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की ओर से यूपी फूड एक्सपो एंड कॉनक्लेव-2026 का आयोजन किया जा रहा है। कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी इस तीन दिवसीय महाकुंभ का उद्घाटन करेंगे। व्यापारिक और औद्योगिक दृष्टिकोण से यह आयोजन इस क्षेत्र के फूड सेक्टर के लिए मील का पत्थर साबित हो सकता है। फूड चैंबर अध्यक्ष राजकुमार भगत ने बताया कि आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, हाथरस, मैनपुरी, अलीगढ़, मेरठ तक से खाद्य कारोबारी अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाएंगे। व्यापारियों, उद्यमियों और नए स्टार्टअप्स के लिए इस एक्सपो में असीम संभावनाएं हैं।

15 हजार खरीदार और 150 कंपनियों की स्टॉल

चेंबर ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के महासचिव अनुज सिंघल ने बताया कि इस एक्सपो में पांच राज्यों से लगभग 15,000 बिजनेस आगंतुक खरीदार के रूप में पहुंच रहे हैं। 8 हजार से अधिक रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। साथ ही सात राज्यों की 150 से अधिक कंपनियां अपने स्टॉल लगा रही हैं। यहां उनके लिए नेटवर्किंग का बहुत बड़ा मौका। स्थानीय व्यापारियों को सीधे बड़े सप्लायर्स, मशीनरी निर्माताओं और नए खरीदारों से मिलने का अवसर एक ही छत के नीचे मिलेगा।

पैकेजिंग, शेल्फ लाइफ और नई टेक्नोलॉजी पर जोर

नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स के अध्यक्ष मनोज बंसल ने कहा कि किसी भी फूड बिजनेस की सफलता इस बात पर निर्भर करती है कि उत्पाद कितने दिनों तक ताजा रहता है और उसकी पैकिंग कितनी आकर्षक है। इस कॉनक्लेव में विशेषज्ञ बताएंगे कि नई तकनीकों और आधुनिक पैकेजिंग के जरिए उत्पादों की शेल्फ लाइफ (खराब न होने की अवधि) कैसे बढ़ाई जाए।

आलू प्रोसेसिंग और कोल्ड चेन, किसानों व व्यापारियों को सीधा फायदा

कोल्ड स्टोर एसोसिएशन के अध्यक्ष भवेश अग्रवाल ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश आलू उत्पादन का गढ़ है। एक्सपो में कोल्ड चेन और वेयरहाउसिंग की आधुनिक तकनीकों पर मंथन होगा। आगरा क्षेत्र में आलू आधारित प्रोसेसिंग यूनिट्स (जैसे चिप्स, पाउडर, फ्लेक्स) लगाने की असीम संभावनाएं हैं। इस दिशा में बढ़ने से न सिर्फ किसानों को सही दाम मिलेगा, बल्कि व्यापारियों के लिए भी कमाई के नए साधन खड़े होंगे।

एक छत के नीचे लोन, सब्सिडी और सरकारी योजनाएं

पूंजी या फंड की कमी से जूझ रहे नए उद्यमियों के लिए बैंकिंग सेक्टर के प्रतिनिधि भी यहां मौजूद रहेंगे। इस दौरान एमएसएमई लोन, फूड प्रोसेसिंग के लिए मिलने वाली सरकारी सब्सिडी और आसान आर्थिक योजनाओं की पूरी जानकारी दी जाएगी, ताकि व्यापार को बढ़ाने में फंड की कोई रुकावट न आए।

संजय प्लेस में आयोजित फूड एक्सपो के उद्घोषणा समारोह का संचालन मनीष अग्रवाल रावी ने किया। लघु उद्योग भारती के महासचिव राजीव बंसल और नेशनल चैंबर कोषाध्यक्ष विनय मित्तल, उद्यमी सचिन गोयल, आशीष गर्ग, विकास चतुर्वेदी, विवेक अग्रवाल, शैलेश अग्रवाल, अभिषेक चौरसिया, जय अग्रवाल, संदीप काइला, सौरभ अग्रवाल, राजेश भल्ला, ध्रुव अग्रवाल, वैभव खंडेलवाल, सिद्धार्थ मित्तल, संजय गोयल, सीताराम अग्रवाल, विवेक जैन आदि मौजूद रहे।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें