गोकशी की घटनाओं को लेकर एसपी अनिल कुमार सिसोदिया का एक बयान जमकर वायरल हो रहा है। पुलिस लाइन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान गोकशी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि सच्चा मुसलमान कभी गोकशी जैसा काम नहीं कर सकता।
जो लोग यह काम कर रहे हैं ऐसे लोगों का इलाज करना ही मेरा काम है। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया। एसपी ने कहा कि सावन माह में थाना गंज और स्वार क्षेत्र में गोकशी की घटनाएं सामने आई हैं।
रामपुर के अधिकांश लोग अमनपसंद और शांतिप्रिय हैं, लेकिन कुछ असामाजिक तत्व माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ पुलिस कानून के दायरे में सख्ती से कार्रवाई करेगी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने पुराने गोकशी के आरोपियों की सूची का सत्यापन शुरू करा दिया है।
पांच और दस वर्ष पुराने आरोपियों की जानकारी जुटाकर उनका डोजियर तैयार कराया जाएगा। डोजियर में आरोपियों की पोस्टकार्ड आकार की रंगीन फोटो, उनके खिलाफ दर्ज मुकदमों और अन्य आवश्यक जानकारियों को शामिल किया जाएगा। पूर्व में जेल जा चुके आरोपियों के जमानतदारों के नाम-पते का भी सत्यापन कराया जाएगा।
उधर, सोशल मीडिया में रामपुर पुलिस का एक आधिकारिक स्पष्टीकरण भी वायरल हो रहा है। इसमें कहा गया है कि एसपी का उद्देश्य सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे और शांति बनाए रखने की अपील करना था। यदि उनके बयान का कोई अन्य अर्थ निकाला गया हो या किसी की भावनाएं आहत हुई हों तो ऐसी कोई मंशा नहीं थी।
