प्रदेश सरकार ने नागरिकों को बड़ी राहत देते हुए खतौनी की प्रमाणित नकल प्राप्त करने की प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया है। अब लोगों को इस कार्य के लिए तहसील या कचहरी के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। वे घर बैठे ही कुछ आसान चरणों में प्रमाणित प्रति प्राप्त कर सकेंगे।
राजस्व विभाग की इस नई डिजिटल व्यवस्था के तहत विभाग के आधिकारिक पोर्टल upbhulekh.gov.in या bor.up.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। पोर्टल पर लॉगिन करने के बाद खतौनी की नकल विकल्प का चयन करना होगा।
इसके बाद जिला, तहसील और गांव की जानकारी भरकर संबंधित गाटा संख्या चुननी होगी। निर्धारित शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करते ही खतौनी की प्रमाणित प्रति तुरंत डाउनलोड के लिए उपलब्ध हो जाएगी। यह सेवा 24 घंटे संचालित है, जिससे नागरिक अपनी सुविधा के अनुसार कभी भी इसका लाभ उठा सकते हैं।
