जाजमऊ पुलिस चौकी के सामने शनिवार शाम एक तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी सवार पिता-पुत्री को टक्कर मार दी। हादसे में 13 वर्षीय जूबिया की मौके पर ही मौत हो गई। पिता मोहम्मद आबिद गंभीर रूप से घायल हो गए। डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग गया।
कानपुर के परमपुरवा निवासी मोहम्मद आबिद अपनी बेटी जूबिया के साथ कानपुर से लखनऊ जा रहे थे। शाम करीब साढ़े सात बजे जाजमऊ पुलिस चौकी के पास पीछे से आए डंपर ने उनकी स्कूटी में टक्कर मारी। टक्कर से स्कूटी समेत आबिद सड़क किनारे रेलिंग से जा टकराए। जूबिया उछलकर डंपर के पहिए के नीचे आ गई, जिससे उसकी जान चली गई। हादसे के बाद कुछ देर के लिए जाम लग गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
