इटावा जिले में इकदिल थाना क्षेत्र के एक गांव की कक्षा 11 की छात्रा ने पढ़ाई के तनाव में आकर घर में रखी कीटनाशक दवा पी ली। दवा पीने के कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी तो उसने अपनी सहेली को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी और मदद मांगी। सहेली उसके घर पहुंची और उसे ऑटो से जिला अस्पताल लेकर आई।
जिला अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचते ही छात्रा ने डॉक्टर श्याम मोहन को कीटनाशक दवा की शीशी दिखाते हुए कहा, ये मैंने पी ली है, मेरा इलाज कर दीजिए। यह सुनते ही डॉक्टरों ने तत्काल उसका प्राथमिक परीक्षण किया और भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया। फिलहाल छात्रा की हालत पर चिकित्सकों की लगातार निगरानी रखी जा रही है।
