प्रदेश में विभिन्न विभागों की समूह ग की भर्तियों के लिए प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) 2026 का विज्ञापन शनिवार को जारी कर दिया गया है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन तीन अगस्त से एक सितंबर तक होंगे। शुल्क समायोजन व आवेदन में संशोधन आठ सितंबर तक किए जा सकेंगे।
अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने पीईटी से पहले अभ्यर्थियों को वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) अवश्य कराने को कहा है। ओटीआर के बाद ही वे आवेदन कर सकेंगे। अभ्यर्थी पीईटी के आवेदन से पहले ओटीआर में आवश्यक संशोधन भी कर सकते हैं। कि पीईटी पंजीकरण नंबर जारी होने के बाद ओटीआर व पीईटी आवेदन में संशोधन नहीं होगा।
आयोग के सचिव हरिकेश चौरसिया ने बताया कि सामान्य व ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थी को आवेदन के लिए 185, एससी व एसटी वर्ग के अभ्यर्थी को 95-95 रुपये व दिव्यांगजन के लिए 25 रुपये शुल्क देना होगा। अभ्यर्थी आवेदन पूरा करने के बाद उसका प्रिंट आउट अवश्य ले लें। बता दें, पीईटी 2025 के लिए 25.31 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था और 19.43 लाख से अधिक अभ्यर्थी इसमें शामिल हुए थे।
