बांदा जिले में सरकारी राजस्व को चूना लगाने के एक बड़े खेल का खुलासा हुआ है। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के एक टोल एग्रीमेंट में करोड़ों रुपये के लेन-देन के बावजूद महज 100 रुपये के स्टांप पेपर पर अनुबंध किए जाने का मामला सामने आया है। स्टांप एवं निबंधन विभाग की जांच में इस एग्रीमेंट में 13.34 करोड़ रुपये की स्टांप चोरी पकड़ी गई है।
यह 333.65 करोड़ रुपये के टोल कलेक्शन एग्रीमेंट से जुड़ा मामला है। जांच में सामने आया है कि जिस दस्तावेज के आधार पर कंपनी को टोल वसूली का अधिकार दिया गया उस पर नियमानुसार करोड़ों रुपये का स्टांप शुल्क जमा होना चाहिए था, लेकिन केवल 100 रुपये का स्टांप लगाकर औपचारिकता पूरी कर दी गई।
