आगरा के खंदौली के गांव पुरालोधी में अवैध रूप से संचालित ब्लू व्हेल वाटर पार्क में नौ वर्षीय बालक अवी की डूबकर मौत के मामले में थाना खंदाैली पुलिस ने बृहस्पतिवार को मुख्य आरोपी केशव को गिरफ्तार कर लिया। मामले में गैर इरादतन हत्या में प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रशासन की टीम ने वाटर पार्क को सील कर दिया है। उसमें किसी भी गतिविधि पर रोक लगा दी है। बिजली कनेक्शन भी काट दिया गया है। कार्रवाई के बाद आसपास के इलाके में बने वाटर पार्कों पर ताले लटक गए हैं।

छोटा गुडाह निवासी ऑटो चालक राकेश का बेटा अवी बुधवार को चचेरे भाई और दोस्तों के साथ पुरालोधी गांव स्थित ब्लू व्हेल वाटर पार्क में नहाने गया था। अचानक गहरे पानी में जाने की वजह से डूब गया था। घटना के बाद संचालक केशव भाग गया था। पुलिस ने देर रात मृतक के पिता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई स्थान पर दबिश दी गई। डीसीपी पश्चिमी जोन ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वाटर पार्क अवैध रूप से संचालित था। किसी विभाग की अनुमति नहीं थी। इस पर गैर इरादतन हत्या में आरोपी को जेल भेजा जाएगा। इसी वाटर पार्क में 19 जून 2025 को एक बच्चे की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो चुकी है। मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई थी।

बिजली काटी, क्षेत्र में भी चेकिंग

बृहस्पतिवार को एसडीएम सुमित कुमार के निर्देश पर नायब तहसीलदार हरीलाल ने ब्लू व्हेल वाटर पार्क को सील कर दिया। परिसर की बिजली आपूर्ति भी बंद करा दी गई। एसडीएम एत्मादपुर ने बताया कि क्षेत्र में संचालित सभी वाटर पार्कों की जांच कराई जा रही है। जो मानकों पर नहीं होंगे, उन्हें बंद कराया जाएगा। टीम चेकिंग कर रही है। मुढ़ी चौकी क्षेत्र में 12 से ज्यादा वाटरपार्क हैं, जो बिना लाइसेंस और सुरक्षा मानकों के संचालित हो रहे थे। टीम की भनक लगते ही कई संचालक अपने-अपने प्रतिष्ठानों पर ताला लगाकर भाग गए।

पूल में जमी थी काई, लाइफ गार्ड भी नहीं

डीसीपी आदित्य सिंह ने बताया कि पुलिस की जांच में ब्लू व्हेल वाटर पार्क में कई कमियां सामने आई हैं। जिस स्विमिंग पूल में बालक डूबा, उसमें काई जमी हुई थी। पानी भी गंदा था। उसकी सफाई कई दिन से नहीं हुई थी। इसके साथ ही कोई लाइफ गार्ड नहीं था। अगर बच्चे पानी में नहाने जा रहे हैं तो उनके सुरक्षा के इंतजाम अलग से होने चाहिए। प्रशासन से वाटर पार्क के संचालन के लिए किसी तरह की एनओसी भी नहीं ली गई थी। मानकों की अनदेखी की जा रही थी। इस वजह से ही बच्चे की जान गई।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें