आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी व राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने प्रदेश सरकार पर राम मंदिर निर्माण और जमीन खरीद में हुए भ्रष्टाचार को दबाने का आरोप लगाया है। संजय सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जो ‘दूध का दूध और पानी का पानी’ करने की कसम खाई थी, वह अब खोखली साबित हो रही है क्योंकि एसआईटी को निर्माण कार्यों और जमीन घोटाले की जांच से ही बाहर कर दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर निर्माण में 40 प्रतिशत कमीशन खाया गया और चंदे के पैसे से करोड़ों का जमीन घोटाला किया गया। संजय सिंह ने स्पष्ट किया कि चूंकि यह ट्रस्ट सीधे प्रधानमंत्री द्वारा बनाया गया है, इसलिए मुख्यमंत्री की हिम्मत नहीं है कि वे भ्रष्टाचारियों पर हाथ डाल सकें। उन्होंने घोषणा की कि वे 26 पुख्ता दस्तावेजों के साथ कोर्ट जाएंगे ताकि प्रभु श्रीराम को लूटने वालों को कड़ी सजा मिल सके।
सांसद संजय सिंह ने मुख्यमंत्री योगी के पुराने दावों पर तंज कसते हुए कहा कि जब मंदिर में चोरी का मामला खुला था, तब मुख्यमंत्री ने बड़े दावे के साथ कहा था कि किसी को बख्शा नहीं जाएगा और जो भी सबूत हैं वे एसआईटी को दिए जाएं। सब दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा लेकिन आज की खबरें बता रही हैं कि एसआईटी न निर्माण कार्य की जांच करेगी और न जमीन घोटाले की। यह स्पष्ट रूप से भ्रष्टाचार पर पर्दा डालने और बेईमानों को बचाने की कोशिश है।
ये भी पढ़ें – अयोध्या: नृपेंद्र मिश्र बोले- 22 जुलाई की बैठक में ट्रस्ट को लेकर हो सकता है फैसला, नहीं कम हुई भक्तों की संख्या
ये भी पढ़ें – “राममंदिर आरएसएस कार्यालय है” शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने दिया बड़ा बयान, लोगों से गौरक्षा की अपील की
भगवान के मंदिर निर्माण में भी 40 फ़ीसदी कमीशन की डकैती
संजय सिंह ने मंदिर निर्माण में हो रही लूट का पर्दाफाश करते हुए कहा कि भगवान राम के मंदिर में 40-40 परसेंट कमीशन लिया जाना घोर पाप है। उन्होंने कहा कि यह जानकारी स्वयं इंजीनियर दीनानाथ वर्मा ने दी है। उन्होंने सवाल किया कि अगर निर्माण कार्य में इतना बड़ा कमीशन लिया गया है, तो उसकी जांच क्यों नहीं होनी चाहिए? क्या सरकार उन बेईमानों को बचाना चाहती है जिन्होंने राम भक्तों की आस्था की कमाई पर डाका डाला है?
मिनटों में करोड़ों का हेरफेर, कागजात चिल्ला-चिल्लाकर दे रहे घोटाले की गवाही
ज़मीन घोटाले के आंकड़े पेश करते हुए संजय सिंह ने बताया कि किस तरह 2 करोड़ की जमीन को महज 5 मिनट के भीतर 18.5 करोड़ में खरीदा गया। यही नहीं, नजूल की जमीन जिसे न खरीदा जा सकता है और न बेचा जा सकता है, उसे 24 करोड़ में ठिकाने लगाया गया। 9 करोड़ की जमीन 55 करोड़ में और 1.73 करोड़ की जमीन 29.67 करोड़ में खरीदी गई। ये आंकड़े चिल्ला-चिल्लाकर कह रहे हैं कि राम मंदिर के नाम पर चंदे की भारी लूट हुई है।
