आगरा के खेड़ा राठौर के गुमानसिंह पुरा गांव की लक्ष्मी (50) की 10 जून को बाह के मंसूरपुरा में जेवर लूटने के बाद हत्या कर दी थी। लक्ष्मी अपनी बहन की बेटी की शादी का भात मांगने के लिए निबोहरा के दखलीपुरा गांव के लिए घर से निकली थी। शनिवार की रात 8 बजे के करीब बटेश्वर परिक्रमा मार्ग पर पुलिस ने मुठभेड़ में लूट और हत्या का आरोपी गुमानसिंह पुरा गांव का मनू निषाद गिरफ्तार कर लिया। 

आरोपी पुलिस पर तमंचे से फायरिंग कर भागा था। पुलिस की जबावी फायरिंग में मनू निषाद के एक पैर में गोली लगी है। डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि गोली लगने से घायल मनू निषाद को उपचार के लिए बाह सीएचसी पर भर्ती कराया। जहां से एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा के लिए एंबुलेंस से पुलिस अभिरक्षा में भेजा गया है। 

उन्होंने बताया कि मनू निषाद के कब्जे से तमंचा, कारतूस, बिना नंबर प्लेट की बाइक एवं लूट के जेवर कुंडल, पायजेब और 1500 रुपये बरामद किए हैं। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि जेवर के लालच में गांव की लक्ष्मी को लिफ्ट देकर बाइक पर बिठाया था। लूट की पोल न खुल जाए, इसलिए हत्या कर दी थी। उन्होंने बताया कि महिला के बेटे किशोरीलाल ने मनू निषाद आदि के खिलाफ हत्या एवं लूट की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। लूट और हत्या में कुछ और नाम प्रकाश में आए हैं। वारदात से संबंधित तथ्य जुटाने के साथ ही उनकी तलाश की जा रही है।

हत्यारोपी फांसी पर लटकेंगे, तभी कलेजे को मिलेगी ठंडक

मुठभेड़ में मनू निषाद की गिरफ्तारी पर मृतका लक्ष्मी के पति रूप सिंह ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि हत्या में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी हो, लूट का पूरा सामान बरामद हो, उन्हें फांसी की सजा मिले, तभी उनके कलेजे को ठंडक पहुंचेगी। लक्ष्मी की आत्मा को फांसी की सजा मिलने के बाद ही शांति मिलेगी।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें