मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को फर्जी शिकायत भेजने के आरोप में एक ही परिवार के तीन लोगों के खिलाफ थाना लोहामंडी में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोप है कि पीड़ित के ही ग्राहकों के नाम और पहचान का शिकायत में इस्तेमाल किया गया। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने कार्रवाई की।
जयपुर हाउस, लोहामंडी निवासी पं. नवीन शर्मा ने कोर्ट में प्रार्थनापत्र दिया था। एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता नवीन की सोसाइटी में मनीषा विहार, शास्त्रीपुरम निवासी नवीन कुमार विद्यार्थी की बहू अप्रा शर्मा ने एक प्लॉट खरीदा था। प्लॉट की खरीद-बिक्री के बाद से ही वह लोग शिकायत करने लगे। आरोप है कि 26 जनवरी को नवीन शर्मा के खिलाफ मुख्यमंत्री कार्यालय एक शिकायती पत्र भेजा गया था। इसमें शिकायतकर्ता के रूप में ब्रजेश कुमार, रामवीर और दुष्यंत दीक्षित के नाम थे।
जबकि इन लोगों ने किसी तरह की शिकायत नहीं की थी। तीनों के फर्जी हस्ताक्षर बनाए। लिखावट भी बदली गई। 25 जनवरी 2026 को भी एक और शिकायती पत्र मुख्यमंत्री कार्यालय कॉलोनी के सुनील कुमार पाराशर के नाम और मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर भेजा गया। सुनील ने लिखित में कोई भी शिकायत न करने का दावा किया। पड़ोसी नवीन कुमार विद्यार्थी ने यह चिट्ठी लिखी है। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास का कहना है कि साक्ष्य संकलन कर कार्रवाई की जाएगी। वादी से सभी दस्तावेज मंगाए जाएंगे। शिकायत के पीछे का कारण पता किया जाएगा।
