फतेहपुर जिले में माफिया अतीक अहमद के बेटे अली अहमद के काफिले में शामिल वाहनों पर टोल कर्मियों ने अभद्रता, जान से मारने की कोशिश और बिना टोल दिए निकलने का आरोप लगाया है। एसपी के निर्देश पर सोमवार को कल्यानपुर और खागा थाने में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वाहन नंबरों के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।
कल्यानपुर थाना क्षेत्र स्थित बड़ौरी टोल प्लाजा के प्रबंधक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आठ अगस्त को दोपहर 2:39 बजे पुलिस अभिरक्षा में अली अहमद को जिला कारागार झांसी से प्रयागराज ले जाया जा रहा था। उसके पीछे कई वाहन चल रहे थे। टोल कलेक्टर संजय सिंह और सुपरवाइजर कौशलेश सिंह ने काफिले में शामिल वाहनों को टोल शुल्क जमा करने के बाद आगे बढ़ने के लिए कहा।
