फिरोजाबाद के नारखी थाना क्षेत्र के पचवान स्थित कांशीराम कॉलोनी में मंगलवार को एक नवविवाहिता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका फंदा लगाने से पहले एक भावुक सुसाइड नोट छोड़ गई है, वहीं पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि आत्मघाती कदम उठाने से ठीक पहले उसने वाराणसी के एक मोबाइल नंबर पर करीब 38 मिनट तक बातचीत की थी। फिलहाल आत्महत्या की असली वजह का राज गहराया हुआ है और पुलिस सर्विलांस व जांच के जरिए कारण जानने में जुटी है। सुसाइड नोट में लिखा था – हो सके तो माफ करना।
वाराणसी जिले के गांव लोहता निवासी प्रिया (26) की शादी करीब आठ माह पूर्व पचवान कांशीराम कॉलोनी निवासी छोटू के साथ हुई थी। मंगलवार को पति छोटू अपने काम पर चला गया था। इसके बाद प्रिया ने कमरे में पंखे के कुंडे से दुपट्टे का फंदा बनाकर अपनी जान दे दी। देर शाम जब पति घर लौटा तो उसने शव को फंदे पर लटका देखा। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर जमा हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।