ताजनगरी में पर्यटन को बढ़ावा देने के दावों के बीच एक बार फिर विदेशी सैलानियों की सुरक्षा और उनके असहज अनुभवों का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक विदेशी महिला पर्यटक (इंस्टा हैंडल: kira.suvorovaa) का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह शहर की सड़क पर पैदल चलते हुए बेहद असहज नजर आ रही हैं।
View this post on Instagram
टोकते दिखे लोग, महिला ने जताया अजीब अनुभव:
वायरल वीडियो आगरा के यमुना किनारा रोड का बताया जा रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि विदेशी महिला जब सड़क किनारे पैदल गुजर रही होती है, तो वहां मौजूद कुछ स्थानीय लोग और राहगीर उन्हें अजीब तरह से घूरते और बीच-बीच में उन पर फब्तियां कसते (टोकते) नजर आ रहे हैं। इस दौरान महिला का अनुभव इतना खराब रहा कि उन्होंने इसे अपने कैमरे में कैद कर लिया।
आगरा में कभी पैदल मत चलना’
रूसी भाषा में पोस्ट किए गए इस वीडियो के कैप्शन में महिला ने तंज कसते हुए लिखा, “हमने आगरा में दुकान तक पैदल चलने (वॉक करने) का सोचा, आप कभी ऐसा मत करना।” विदेशी महिला का यह पोस्ट अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है, जिससे पर्यटन नगरी की छवि पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय जागरूक नागरिकों का कहना है कि मेहमानों के साथ इस तरह का व्यवहार ‘अतिथि देवो भव:’ की हमारी संस्कृति को ठेस पहुंचाता है।
