उत्तर प्रदेश सरकार यूपी के विकास को लेकर गंभीर पहल करते हुए विकसित भारत-विकसित उप्र-2047 विजन डॉक्यूमेंट तैयार करेगी। इसके आधार पर प्रदेश के विकास का खाका खींचा जाएगा और उसके मुताबिक काम होंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को इस संबंध में अधिकारियों के साथ हुई बैठक में यह निर्णय लिया है।
बैठक में यह भी तय हुआ कि विजन डॉक्यूमेंट पर चर्चा के लिए 24 घंटे विधानसभा लगातार चलेगी। 13 अगस्त की सुबह 11 बजे से शुरू होकर यह चर्चा 14 अगस्त तक जारी रहेगी। इसमें सभी मंत्री अपने अपने विभाग का विजन डाक्यूमेंट पेश करेंगे। यह विजन डॉक्यूमेंट नागरिकों के सुझाव से तैयार होगा। मुख्यमंत्री ने मंत्रियों को अधिकारियों के साथ मिलकर इसे तैयार करने के निर्देश दिए।
ये भी पढ़ें – भारी बारिश के चलते स्कूलों को किया गया बंद, जिलाधिकारी ने दिए निर्देश; आज इन जिलों में बरसात का अलर्ट
ये भी पढ़ें – प्रदेश में आई बाढ़ को लेकर एक्शन मोड में सीएम योगी, अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी; मानसून सत्र पर बनाई रणनीति
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि इस विजन डॉक्यूमेंट के जरिए ही प्रदेश के आगामी विकास लक्ष्यों को पूरा किया जाना है। सीएम ने कहा कि इसके जरिए गांव, गरीब, किसान, व्यापारी व युवकों के साथ ही आम लोगों का जीवन बेहतर बनाने का लक्ष्य रखा जाएगा। इससे पहले 2019 में भी 2 अक्तूबर की सुबह 11 बजे से तीन अक्तूबर की रात 11 बजे तक लगातार 36 घंटे सदन का विशेष सत्र चला था।