राजधानी में लखनऊ विश्वविद्यालय के 69वें दीक्षांत समारोह में शुक्रवार को मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन (एमजेएमसी) की छात्रा निधि सिंह को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अतुल माहेश्वरी मेमोरियल गोल्ड मेडल और प्रेम मुक्ता गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया।
एमजेएमसी परीक्षा में 84.13 प्रतिशत अंक हासिल कर शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाली निधि अब अकादमिक अनुसंधान और पत्रकारिता, दोनों क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाना चाहती हैं। तेलीबाग में अपने माता-पिता के साथ रहने वाली निधि मूल रूप से बिहार के दरभंगा जिले के बुचामन गांव की निवासी हैं। उनके पिता प्रमोद कुमार सिंह भारतीय सेना में कार्यरत हैं। मां रीना देवी गृहिणी हैं।
निधि ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, परिवार और विश्वविद्यालय के गुरुजनों के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने बताया कि उनका अगला लक्ष्य नेट-जेआरएफ परीक्षा उत्तीर्ण कर पीएचडी करना है। इसके साथ ही वह उच्च शिक्षा और अकादमिक अनुसंधान के क्षेत्र में योगदान देना चाहती हैं।
उनकी पढ़ाई का मंत्र नियमितता रहा। परीक्षा के दिनों में ही नहीं, बल्कि पूरे सत्र के दौरान रोज थोड़ा-थोड़ा अध्ययन करने की आदत ने उन्हें यह सफलता दिलाई। उनका मानना है कि निरंतर मेहनत और अनुशासन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
