{“_id”:”6b072de7eeefb7f9500f8ed4″,”slug”:”the-aura-of-kashi-captivated-tourists-varanasi-thronged-with-tourists-even-after-dev-deepawali-varanasi-news-c-20-vns1056-1628255-2026-11-26″,”type”:”story”,”status”:”publish”,”title_hn”:”Varanasi News: काशी की आभा ने बांधे रखा सैलानियों का मन, देव दीपावली के बाद भी पर्यटकों से गुलजार बनारस”,”category”:{“title”:”City & states”,”title_hn”:”शहर और राज्य”,”slug”:”city-and-states”}}

काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर चार के सामने श्रद्धालुओं की भीड़ व जाम। अमर उजाला
वाराणसी। कार्तिक पूर्णिमा पर मनाई गई विश्व प्रसिद्ध देव दीपावली की अलौकिक छटा का खुमार बुधवार को भी काशी के कण-कण पर छाया रहा। उत्सव के अगले दिन भी शिवनगरी में देश-विदेश से आए पर्यटकों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। पर्यटन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, देव दीपावली के आयोजन का साक्षी बनने आए कुल सैलानियों में से महज 40 प्रतिशत पर्यटक ही सुबह अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए, जबकि शेष 60 फीसदी सैलानियों ने काशी में ही प्रवास कर प्राचीन नगरी की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक आभा को करीब से निहारा।
सुबह से ही काशी के अर्धचंद्राकार घाटों से लेकर पक्का महाल की ऐतिहासिक और संकरी गलियों तक सैलानियों का रेला नजर आया। सैलानियों की इस भारी आमद का सीधा असर शहर के आतिथ्य और खान-पान उद्योग पर दिखाई दिया। गोदौलिया, दशाश्वमेध, अस्सी, लक्सा और कैंट क्षेत्र के लगभग सभी छोटे-बड़े होटल, गेस्ट हाउस और होमस्टे पूरी तरह पैक रहे। वहीं, कचौड़ी गली से लेकर रेस्टोरेंट और पारंपरिक चाट-मिठाई की दुकानों पर सुबह से देर रात तक स्वाद के शौकीनों की लंबी कतारें लगी रहीं।
काशी आने वाले पर्यटकों ने श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में बाबा के दर्शन करने के साथ-साथ काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव, संकट मोचन हनुमान मंदिर, मां अन्नपूर्णा दरबार, दुर्गाकुंड और तुलसी मानस मंदिर सहित शहर के अन्य प्राचीन देवालयों में माथा टेककर सुख-समृद्धि की कामना की। शाम ढलने पर एक बार फिर घाटों पर बजड़ों और नौकाओं के जरिए गंगा की लहरों पर विहार करने वालों का तांता लगा रहा।
