पंचायत भवन के पास मिला गुलाब का शव

घटना मंगलवार देर रात की है. क्षेत्राधिकारी केराकत गिरेंद्र सिंह के मुताबिक, गुलाब पाल गांव में आयोजित एक तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने गया था. वहां से वह गांव के धर्म के साथ बाइक से घर लौट रहा था. पंचायत भवन के पास गुलाब बाइक से उतर गया. रात करीब एक बजे परिजनों को सूचना मिली कि वह पंचायत भवन के पास घायल अवस्था में पड़ा है.

सीने में लगी थी गोली, मौके पर ही मौत

सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो गुलाब की मौत हो चुकी थी. उसके बाएं सीने में गोली लगी थी. इसके बाद डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई. केराकत कोतवाली प्रभारी अमरेंद्र कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. चंदवक, जलालपुर, गौराबादशाहपुर और जौनपुर कोतवाली की पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से सबूत एकत्र किए हैं.

पिता की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ FIR

गुलाब के पिता पतिराम की तहरीर पर पुलिस ने बलाईपुर बैरगिया गांव निवासी अनुराग पाल, सचिन पाल, अनमोल यादव और धर्मू यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है. मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है. हालांकि, हत्या के पीछे की वजह अभी सामने नहीं आई है.

जेल से दो महीने पहले आया था बाहर

पुलिस के मुताबिक, गुलाब पाल का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट और रंगदारी समेत करीब 11 प्राथमिकी दर्ज थीं. गांव में भी उसकी कई लोगों से रंजिश बताई जा रही है. पुलिस पुरानी दुश्मनी, आपराधिक पृष्ठभूमि और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.

मई में होनी थी शादी, घर में चल रही थीं तैयारियां

गुलाब तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था. उसकी शादी अगले साल मई में तय थी और परिवार में तैयारियां चल रही थीं. लेकिन हत्या की घटना से परिवार में मातम छा गया है.

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

क्षेत्राधिकारी के अनुसार, पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि तेरहवीं कार्यक्रम से लौटने के दौरान गुलाब के साथ कौन-कौन था और पंचायत भवन के पास पहुंचने के बाद क्या हुआ. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. पुलिस वारदात के समय मौके के आसपास मौजूद लोगों से जानकारी जुटा रही है.

जल्द खुलासे का पुलिस का दावा

सीओ गिरेंद्र सिंह के मुताबिक, मामले में चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है. कई संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस हत्याकांड का खुलासा करने के लिए अलग-अलग बिंदुओं पर काम कर रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तलाश जारी है.

Also Read:नीला ड्रम हत्याकांड: साहिल और मुस्कान की सजा पर आज फैसला, सौरभ के परिवार ने की फांसी देने की मांग



Source link