जागरण संवाददाता, सहारनपुर। सर्किट हाउस में एआइएमआइएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर का मामला सामने आया है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से पुलिस की किरकिरी हो रही है।
सर्किट हाउस में शनिवार को सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति जस्टिस मनमोहन सिंह के आगमन का कार्यक्रम था। उनके सम्मान में गार्ड ऑफ ऑनर देने के लिए पुलिसकर्मियों को लगाया गया था। उधर, कलक्ट्रेट मस्जिद प्रकरण को लेकर सहारनपुर आए एआइएमआइएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी सुबह करीब 11 बजे सर्किट हाउस पहुंच गए।
हालांकि पुलिसकर्मियों ने गलतफहमी में सांसद असदुद्दीन ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया। उधर, सर्वोच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति के आने का कार्यक्रम टल गया। घटना का पता चलते ही एसएसपी अभिनंदन ने प्रोटोकाल चूक के मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। एसएसपी ने मामले की जांच पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मयंक पाठक को सौंपी है।
यह भी पढ़ें- सहारनपुर में ओवैसी और चंद्रशेखर की हुंकार, बोले- एक ही धर्म के स्थलों को क्यों बनाया जा रहा निशाना?
कलक्ट्रेट के बाहर ही रुकवाया काफिला, केवल सांसद की गाड़ी को प्रवेश
एआइएमआइएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और नगीना सांसद चंद्रशेखर शनिवार सुबह 10:50 बजे सहारनपुर पहुंचे। दोनों नेताओं ने बंद कमरे में करीब 45 मिनट तक मंथन किया। दोनों नेताओं के आगमन की सूचना मिलते ही दोनों दलों के सैकड़ों कार्यकर्ता और पदाधिकारी सर्किट हाउस पहुंच गए। हालांकि उन्होंने वहां कार्यकर्ताओं संग बैठक नहीं की और दोनों नेता एक ही गाड़ी में बैठकर कलक्ट्रेट के लिए रवाना हो गए।
