अछनेरा। ग्राम पंचायत रायभा के मजरा नगला लालदास में तालाब की गंदगी को लेकर लंबे समय से चल रहे आंदोलन के बीच बुधवार को कार्य देखने को मिला। ब्लॉक कर्मचारियों एंव सफाई कर्मियों की मौजूदगी में तालाब के पानी की जल निकासी का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। अब जल्द ही तालाब में जमी हुईं मिट्टी की परत की साफ-सफाई का कार्य भी शुरू किए जाने की तैयारी है।
हालांकि, इस पूरे आंदोलन के दौरान एक बुजुर्ग ग्रामीण मिठ्ठनलाल की मौत हो चुकी है, जिससे गांव में गहरा दुख और आक्रोश रहा। ग्रामीणों का कहना है कि यह लड़ाई आसान नहीं थी, लेकिन अब उनका सपना साकार होता नजर आ रहा है। बनवारी लाल एवं ग्रामीणों ने साफ किया है कि वे कार्य की पूर्णता तक नजर बनाए रखेंगे, ताकि तालाब की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके। वहीं, प्रशासन भी जल्द से जल्द सफाई कार्य पूरा कराने की बात कह रहा है।
