झांसी में 26 अप्रैल से लू चलने के आसार हैं। हालांकि, पंजाब और राजस्थान के मध्य पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 28 अप्रैल से मौसम फिर बदल सकता है। मौसम विभाग ने बारिश और बदरी छाने का पूर्वानुमान जताया है।

तापमान में होगा और इजाफा

मंगलवार को भी झांसी में तेज धूप खिली रही। ऐसे में गर्मी से लोगों का हाल बेहाल रहा। अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक है। वहीं, न्यूनतम पारा 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक है। कृषि विज्ञान केंद्र भरारी के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आदित्य कुमार सिंह ने बताया कि आगामी 25 अप्रैल तक ऐसा ही मौसम रहने के आसार हैं। तापमान में एक से डेढ़ डिग्री सेल्सियस का इजाफा हो सकता है। 26 अप्रैल को दिन का पारा 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। ऐसे में लू चलने के आसार हैं।

28 को हल्की बारिश के आसार

26 अप्रैल को ही राजस्थान और पंजाब के मध्य पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय हो सकता है। इसका असर झांसी में 28 अप्रैल को देखने को मिल सकता है। ठंडी हवा, बादल छाने के साथ ही हल्की बारिश भी हो सकती है। दो दिन मौसम में बदलाव की आशंका के बाद 30 अप्रैल से फिर से तापमान में इजाफा होना शुरू हो जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *