Trending Videos

पार्टी की सदस्यता को लेकर जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष और पूंछ की सहकारी समिति के सभापति में तीखी बहस का ऑडियो वायरल

अमर उजाला ब्यूरो

झांसी। भाजपा की सदस्यता को लेकर जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष और पूंछ की सहकारी समिति के सभापति में तीखी बहस का ऑडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसमें सभापति कहते हैं कि भाजपा में मेरी हैसियत क्या है। कोई नहीं सुनता, क्या सदस्य बनाऊं। बहस बढ़ती है तो बोलते हैं कि मुझे भाजपा ने सभापति नहीं बनाया। फिर जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष कहते हैं कि कितने दिन रह लोगे, तुम बदल जाओगे।

भाजपा में इन दिनों सदस्यता अभियान चल रहा है। इसी बीच, सोमवार को सोशल मीडिया पर पार्टी की सदस्यता को लेकर भाजपा के दो पदाधिकारियों के बीच वायरल हुए बहस के ऑडियो ने पार्टी में खलबली मचा दी है। इसमें जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष जयदेव पुरोहित और पूंछ की सहकारी समिति के सभापति महेंद्र राजपूत के बीच हो रही है। ऑडियो में जयदेव पुरोहित कहते हैं कि हर समिति पर भाजपा के दो सौ सदस्य बनाने थे। बैठक भी हुई थी, उसमें सबको कॉपी दी गई थी। आप बैठक में आए भी नहीं थे। आपने सदस्य बनाए हैं। इस पर सभापति जवाब देते हैं कि भाजपा के हम तो सदस्य हैं। फिर कहते हैं कि भाजपा में मेरी हैसियत क्या है। कोई सुनता नहीं है। क्या सदस्य बनाऊं। इस पर जयदेव पुरोहित कहते हैं कि तुम्हें राष्ट्रपति तो बना नहीं देंगे। समिति के सभापति हो तो उतनी बात करेंगे। कोई समस्या है तो विधायक से कहो। पार्टी का काम नहीं करना है तो क्याें समिति के सभापति बन गए। इस पर सभापति कहते हैं कि उन्हें पार्टी ने नहीं, जनता ने बनाया है। अध्यक्ष पूछते हैं कि पार्टी का काम करोगे या नहीं। सभापति कहते हैं कि वह अपने स्तर से पार्टी का काम कर रहे हैं।

तल्ख लहजे में अध्यक्ष बोलते हैं कि उल्टे-सीधे जवाब देते हो, ये कौन सी भाषा है। कितने दिन सभापति रह लोगे। तुम बदल दिए जाओगे। तुमसे सहकारिता नहीं चल रही। तुम काम नहीं करोगे तो दूसरे लोग सदस्य बनाएंगे। ये ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पार्टी में खलबली मच गई।

ये बोले पदाधिकारी …

पूंछ सहकारी समिति के सभापति महेंद्र राजपूत से एक कार्यकर्ता ने सदस्यता को लेकर पूछा तो उन्होंने उससे गलत तरीके से बात की थी। सोमवार को सदस्यता को लेकर मेरी उनसे फोन पर बात हुई। इस बातचीत का ऑडियो वायरल करके सभापति क्या दिखाना चाहते हैं। पार्टी का जो काम है, वो सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता को करना पड़ेगा। – जयदेव पुरोहित, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष

कार्यकर्ता को जिम्मेदारी तो दे दी जाती है, मगर अधिकार नहीं मिलते हैं। बड़े लोग एसी में योजना बनाते हैं लेकिन धरातल पर कार्यकर्ता को ताकत नहीं मिलती। मेरी समिति में घोटाला हो रहा है। चेक पर फर्जी हस्ताक्षर कर पैसे निकाले जा रहे हैं। शिकायत करने पर कोई कार्रवाई भी नहीं की जा रही है। – महेंद्र राजपूत, सभापति, पूंछ सहकारी समिति



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *