झांसी। गेहूं खरीद का आज आखिरी दिन है और अब तक कई किसानों से गेहूं नहीं खरीदा गया है। जबकि, कई किसान क्रय केंद्रों पर गेहूं बेचने के लिए अपना पंजीकरण करा चुके हैं। वहीं एडीएम ने खाद्य विपणन अधिकारी को पत्र जारी कर सभी केंद्रों पर किसानों से खरीद करने का आदेश दिया है।
मार्च के आखिरी सप्ताह में खरीद करने के लिए जनपद में 66 क्रय केंद्र खोले गए थे। शुरूआत में कई किसान बारदाना न होने के कारण कई दिनों तक क्रय केंद्र पर गेहूं बेचने के इंतजार भी करना पड़ा था। एक कंपनी से बारदाना उपलब्ध कराने की सहमति के बाद बारदाना उपलब्ध हुआ। उसके बाद खरीद को और तेज कर दिया गया और अब तक 11,708 किसानों से 7,14,953.30 क्विंटल खरीद की जा चुकी है। शासन ने 15 जून तक खरीद पूरा करने का लक्ष्य विभाग को दिया था। लेकिन अब भी कई किसान ऐसे हैं जिन्होंने गेहूं को क्रय केंद्र पर बेचने के लिए पंजीकरण करा दिया पर अब तक कई किसान से खरीद नहीं की गई।
एडीएम वित्त एवं राजस्व पल्लवी मिश्रा को जब इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने खाद्य विपणन अधिकारी संतोष पटेल को पत्र जारी कर सभी केंद्र पर गेहूं की तौल करने का आदेश दिया। केंद्रों पर तौल न होने की शिकायत मिलने पर संबंधित केंद्र प्रभारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने का आदेश दिया।
