फास्टफूड, कोल्डड्रिंक और शराब की लत के कारण हर तीन युवाओं में से दो का फैटी लिवर मिल रहा है। इसके कारण सूजन के साथ ही घाव बन रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि लत नहीं सुधारने और लंबे समय तक ऐसी स्थिति से लिवर एप्सिस, सिरोसिस और कैंसर का तीन गुना खतरा है।
एसएन मेडिकल कॉलेज के गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. सौरभ बंसल ने बताया कि ओपीडी में रोजाना 70-80 मरीज आ रहे हैं। इसमें से लिवर की बीमारी के 35-40 मरीज हैं। इसमें 70-75 फीसदी का लिवर फैटी है। 50-60 फीसदी का वजन बढ़ा होता है। ये दिन में एक बार फास्टफूड-कोल्डड्रिंक और तले भोजन का सेवन करते हैं। डिब्बा बंद-फास्टफूड में कई तरह के रसायन लिवर को नुकसान पहुंचा रहे हैं।