अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रविवार की सुबह महताब बाग, आगरा किला, फतेहपुर सीकरी के पंच महल, एकलव्य स्टेडियम और शहर के कई पार्कों में योग शिविर लगाए जाएंगे। इन जगहों पर हजारों लोग एक साथ नियमित योग कर रोग भगाने का संकल्प लेंगे।

एकलव्य स्टेडियम में आयोजित शिविर में शहर के हजारों लोग शामिल होंगे। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय के दर्जनों विभागों के अधिकारी भी इसमें हिस्सा लेंगे। सीडीओ प्रतिभा सिंह ने बताया कि एकलव्य स्टेडियम योग शिविर में अधिकतर जिला स्तरीय अधिकारी भाग लेंगे। इसके अलावा ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर योग शिविर लगेंगे। पुलिस लाइन में सुबह 6:30 बजे पुलिसकर्मी सामूहिक रूप से योग के जरिये लोगों को स्वस्थ रहने का संदेश देंगे। इस दौरान जिले के सभी अधिकारी मौजूद रहेंगे।

ये भी पढ़ें –  ब्रिक्स: 5.36 बिलियन डॉलर निर्यात, 3.16 लाख रोजगार; मंत्री बोले- एमएसएमई की राजधानी बना प्रदेश

पार्कों में सामाजिक संगठनों के शिविर

पालीवाल पार्क में भारत स्वाभिमान ट्रस्ट और पतंजलि की ओर से 21 जून को सुबह योग शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रशिक्षित योगाचार्य लोगों को योग के माध्यम से स्वस्थ रहने के लिए जागरूक करेंगे। भारत विकास परिषद की ओर से सद्भावना पार्क में रविवार को योग शिविर का आयोजन होगा, जबकि जनक पार्क में क्षेत्रीय लोगों और पतंजलि के सहयोग से योग शिविर लगेंगे। बल्केश्वर पार्क में भी योग शिविर आयोजित किया जाएगा।

विवि में होगा महायोग का आयोजन

रविवार सुबह डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग थीम पर आधारित कार्यक्रम पालीवाल पार्क और नेताजी सुभाष चंद्र बोस छलेसर परिसर में होंगे। पालीवाल पार्क में होने वाले मुख्य आयोजन के लिए प्रो. बृजेश रावत को समन्वयक और छलेसर परिसर के लिए डॉ. अखिलेश चंद्र सक्सेना को समन्वयक बनाया गया है। विश्वविद्यालय इस सप्ताह योग संगम सप्ताह भी मना रहा है। कुलपति प्रो. आशु रानी ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली का आधार है। वहीं, कुलसचिव अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि पालीवाल पार्क में होने वाले मुख्य कार्यक्रम में हजारों नागरिक, विद्यार्थी, शिक्षक, स्वयंसेवक और योग प्रेमी भाग लेंगे।

ईदगाह डिपो और रेलवे ऑफिसर्स क्लब में आयोजन

उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) की ओर से ईदगाह डिपो में सुबह 7 बजे योग दिवस कार्यक्रम होंगे। इसमें क्षेत्रीय प्रबंधक बीपी अग्रवाल सहित सभी सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक और रोडवेज के कर्मचारी भाग लेंगे। उत्तर मध्य रेलवे के आगरा रेल मंडल की ओर से रेलवे ऑफिसर्स क्लब में सुबह 6:45 बजे योग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *